हल्द्वानी, दिनांक 26 फरवरी 2026: एम.बी. राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हल्द्वानी के बी.एड. विभाग के तत्वावधान में प्रो. (डॉ.) टी.सी. पाण्डेय एवं डॉ. अरुण कुमार चतुर्वेदी द्वारा संपादित पुस्तक “भारत में शिक्षक शिक्षा की उभरती प्रवृत्तियाँ” का भव्य विमोचन समारोह दिनांक 26 फरवरी 2026 को महाविद्यालय परिसर में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. एन.एस. बनकोटी ने की। इस अवसर पर प्रो. सीमा श्रीवास्तव, प्राचार्य, एल.बी.एस. राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हल्दूचौड़ ने विशिष्ट अतिथि के रूप में अपनी गरिमामयी उपस्थिति प्रदान की। कार्यक्रम में प्राध्यापकों, शिक्षाविदों एवं विद्यार्थियों की उल्लेखनीय सहभागिता रही।
उक्त पुस्तक का संपादन प्रो. (डॉ.) टी.सी. पाण्डेय, एम.बी. राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हल्द्वानी तथा डॉ. अरुण कुमार चतुर्वेदी, एल.बी.एस. राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हल्दूचौड़ द्वारा किया गया है। यह पुस्तक शिक्षक शिक्षा के समकालीन परिप्रेक्ष्य एवं नवीन आयामों पर आधारित एक महत्वपूर्ण अकादमिक कृति है। पुस्तक में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, भारतीय ज्ञान परंपरा, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी, समावेशी शिक्षा, सामाजिक-भावनात्मक अधिगम, मुक्त शैक्षिक संसाधन, शिक्षक शिक्षा के वैश्विक मॉडल, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 तथा पर्यावरण शिक्षा जैसे समसामयिक एवं अत्यंत महत्वपूर्ण विषयों का व्यापक एवं विश्लेषणात्मक विवेचन किया गया है। यह कृति शिक्षक शिक्षा के क्षेत्र में नवीन दृष्टिकोण प्रदान करती है तथा शिक्षकों, शोधार्थियों एवं नीति-निर्माताओं के लिए उपयोगी सिद्ध होगी।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्रो. एन.एस. बनकोटी ने शिक्षक शिक्षा में गुणवत्ता संवर्धन, शोधपरक दृष्टिकोण एवं नवाचार की आवश्यकता पर बल देते हुए पुस्तक को समयानुकूल एवं प्रासंगिक बताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिवर्तित शैक्षिक परिदृश्य में ऐसी अकादमिक कृतियाँ शिक्षण-प्रशिक्षण प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाने में सहायक होंगी।
विशिष्ट अतिथि प्रो. सीमा श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में पुस्तक के संपादकों एवं सहयोगी प्राध्यापकों को बधाई देते हुए इसे शिक्षक शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के आलोक में शिक्षक शिक्षा के नए आयामों पर केंद्रित यह पुस्तक शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को दिशा प्रदान करेगी।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के अनेक प्राध्यापकों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें प्रमुख रूप से प्रो. (डॉ.) टी.सी. पाण्डेय, डॉ. अरुण कुमार चतुर्वेदी, डॉ. अनीता जोशी, डॉ. शुभ्रा काण्डपाल, डॉ. सविता भंडारी, डॉ. रेणु रावत, डॉ. तनुजा मेलकानी, डॉ. माया जोशी, डॉ. ललित मोहन जोशी, डॉ. पूनम रानी, श्री वीरेन्द्र कुमार गुप्ता, नेहा पाण्डेय, श्री सूरज कुमार सहित अन्य प्राध्यापकगण, शिक्षाविद एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का प्रभावी एवं सुव्यवस्थित संचालन डॉ. माया जोशी द्वारा किया गया। बी.एड. विभाग के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अनीता जोशी द्वारा किया गया।

Name: Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob : 9319660004
Mail Id : thetimesofharidwar@gmail.com
