ऋषिकेश: साइंस क्लब के तत्वावधान में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर पंडित ललित मोहन शर्मा परिसर, ऋषिकेश में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, वंदना एवं अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट करने के साथ हुआ। साइंस क्लब की संयोजिका डॉ. प्रीति खंडूरी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए मंच संचालन किया। प्रथम वक्ता के रूप में विज्ञान संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो. एस. पी. सती ने स्वागत भाषण देते हुए साइंस क्लब की भूमिका, दायित्वों तथा भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी।
उन्होंने रमन प्रभाव पर एक कविता के माध्यम से राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाने के उद्देश्य को भी स्पष्ट किया।
परिसर के निदेशक प्रो. एम. एस. रावत ने छात्रों को बढ़-चढ़कर सहभागिता करने के लिए बधाई दी तथा सुझाव दिया कि आगामी कार्यक्रम 2–3 दिनों का आयोजित किया जाए, जिससे अधिक से अधिक विद्यार्थियों को प्रतिभाग करने का अवसर मिल सके और उनकी प्रतिभा निखर सके। उन्होंने अन्य संस्थानों से विषय विशेषज्ञों को भी ऐसे कार्यक्रमों में आमंत्रित करने की बात कही।
इस अवसर पर कुल तीन प्रतियोगिताएँ प्रस्तुतीकरण (प्रेज़ेंटेशन), वाद-विवाद (डिबेट) तथा पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गईं। जिनमें वनस्पति विज्ञान, रसायन विज्ञान, भूविज्ञान, गणित, भौतिक विज्ञान तथा प्राणी विज्ञान के शोधार्थियों, स्नातक (बी.एससी.) एवं स्नातकोत्तर (एम.एससी.) विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
प्रस्तुतीकरण में सुश्री प्रियंका पुंडीर (प्रथम), सुश्री हर्षिका सेगल (द्वितीय) एवं सुश्री खुशबू बिष्ट (तृतीय) विजेता रहीं। वाद-विवाद प्रतियोगिता में कल्पना मटेला, बी.एससी. द्वितीय सेमेस्टर (प्रथम), सुश्री प्राची भट्ट (द्वितीय) एवं सुश्री यशिका हर्षियान (तृतीय) विजेता रहीं, जबकि पोस्टर प्रतियोगिता में श्रेया मल्ल (प्रथम), सोनू राव (द्वितीय) एवं आशीष सिंह नेगी (तृतीय) विजेता रहे। विजेताओं को ट्रॉफी, प्रमाणपत्र आदि पुरस्कार स्वरूप प्रदान किए गए तथा अन्य प्रतिभागियों को प्रशंसा प्रमाणपत्र दिए गए।
प्रस्तुतीकरण प्रतियोगिता के निर्णायक प्रो. स्मिता बडोला (प्राणी विज्ञान), प्रो. हितेंद्र सिंह (रसायन विज्ञान) एवं प्रो. हेमंत परमार (भौतिक विज्ञान) रहे। वाद-विवाद प्रतियोगिता के निर्णायक डॉ. शालिनी रावत (वनस्पति विज्ञान), डॉ. सीमा बेनीवाल (रसायन विज्ञान) तथा डॉ. गौरव वार्ष्णेय (गणित) रहे। पोस्टर प्रतियोगिता का मूल्यांकन प्रो. आशीष शर्मा (रसायन विज्ञान), प्रो. दीपा शर्मा (गणित) एवं डॉ. एस. के. कुड़ियाल (वनस्पति विज्ञान) द्वारा किया गया।
इस अवसर पर प्रो. डी. एम. त्रिपाठी (विभागाध्यक्ष, प्राणी विज्ञान), श्री करमवीर (शोधार्थी, प्राणी विज्ञान) तथा श्री रतन लाल (शोधार्थी, वनस्पति विज्ञान) ने इस वर्ष राष्ट्रीय विज्ञान दिवस की थीम “Women in Science: Catalysing Viksit Bharat” पर अपने विचार व्यक्त किए एवं विज्ञान में महिलाओं की भूमिका और योगदान पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर कला संकायाध्यक्ष प्रो. पी. के. सिंह, वाणिज्य संकायाध्यक्ष प्रो. वी. पी. श्रीवास्तव, आईक्यूएसी निदेशक प्रो. जी. के. ढिंगरा, प्रो. वी. डी. पांडेय, डॉ. एस. के. नौटियाल, प्रो. नीता जोशी, प्रो. ए. पी. दुबे तथा अन्य प्राध्यापकगण उपस्थित थे।

Name: Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob : 9319660004
Mail Id : thetimesofharidwar@gmail.com
