ऋषिकेश, 07 अप्रैल 2026 – आज दिनांक 07 अप्रैल 2026 को विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर को पंडित ललित मोहन शर्मा परिसर, ऋषिकेश के मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी (एम०एल०टी०) विभाग द्वारा एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
इस आयोजन का उद्देश्य आमजन, छात्र-छात्राओं एवं कर्मचारियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व को रेखांकित करना रहा।
शिविर में एम०एल०टी० विभाग के प्रशिक्षित शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं की टीम द्वारा विभिन्न महत्वपूर्ण पैथोलॉजिकल जांचें निःशुल्क संपादित की गईं। इनमें मधुमेह (ब्लड शुगर), रक्तचाप (बी०पी०), हीमोग्लोबिन तथा रक्त समूह (ब्लड ग्रुप) की जांच प्रमुख रूप से शामिल रहीं। आधुनिक उपकरणों एवं वैज्ञानिक पद्धतियों के माध्यम से की गई इन जांचों के परिणाम प्रतिभागियों को तत्काल उपलब्ध कराए गए।
इस अवसर पर एम०एल०टी० विभाग के समन्वयक प्रो० गुलशन कुमार ढींगरा ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए बताया कि विश्व स्वास्थ्य दिवस हर साल 7 अप्रैल को मनाया जाता है, जो विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की स्थापना की वर्षगांठ है। यह दिवस स्वास्थ्य से संबंधित मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाने और लोगों को स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित करने के लिए मनाया जाता है।
परिसर के निदेशक प्रो. एम. एस. रावत ने बताया कि इस प्रकार का आयोजन न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक सिद्ध होता है, बल्कि समाज में निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को भी प्रोत्साहित करता है।
जांच के उपरांत उपस्थित व्यक्तियों को विभाग के प्रशिक्षित शिक्षकों द्वारा उनके स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी प्रदान किया गया। विशेषज्ञों द्वारा संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, जीवनशैली में सुधार तथा समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए, जिससे लोग विभिन्न रोगों से बचाव कर सकें।
इस स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। प्रतिभागियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाजोपयोगी एवं जनहितकारी बताया। विभाग द्वारा भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में एम०एल०टी० विभाग के समस्त शिक्षकों, प्रयोगशाला कर्मियों एवं छात्र-छात्राओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके समर्पण एवं सक्रिय सहभागिता से यह शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Name: Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob : 9319660004
Mail Id : thetimesofharidwar@gmail.com
