धनौरी पीजी कॉलेज में ‘विज्ञान जागरूकता सप्ताह’ के दूसरे दिन भाषण प्रतियोगिता आयोजित, 30 छात्र-छात्राओं ने किया प्रतिभाग

Spread the love

धनौरी, हरिद्वार (24 फरवरी, 2026): दिनांक 24 फरवरी 2026 को धनौरी पी.जी. कॉलेज, धनौरी द्वारा Indian Association of Physics Teachers – Asian Physics Olympiad (IAPT–APhO) के सहयोग से राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित ‘विज्ञान जागरूकता सप्ताह’ (23 फरवरी से 28 फरवरी, 2026) के अंतर्गत दूसरे दिन वनस्पति विज्ञान विभाग (Department of Botany) द्वारा एक भव्य भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस विज्ञान जागरूकता सप्ताह का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा तथा नवाचार की भावना का विकास करना है।

भाषण प्रतियोगिता का विषय “Women in Science: Catalysing Viksit Bharat” था। इस अवसर पर धनौरी पी.जी. कॉलेज तथा पृथ्वी सिंह विक्सित ग्रुप ऑफ कॉलेज के लगभग 30 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और अपने प्रभावशाली विचार प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने विज्ञान के क्षेत्र में महिलाओं के योगदान तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ.) विजय कुमार ने वनस्पति विज्ञान विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं तथा उनमें आत्मविश्वास और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का विकास करते हैं।

विज्ञान जागरूकता सप्ताह के संयोजक एवं भौतिकी विभागाध्यक्ष डॉ. संदीप कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, तार्किक दृष्टिकोण तथा अनुसंधान के प्रति रुचि विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को विज्ञान के क्षेत्र में नवाचार एवं उत्कृष्टता के लिए प्रेरित किया।

भाषण प्रतियोगिता की समन्वयक डॉ. प्रीति राठौर ने अपने संबोधन में कहा कि विज्ञान केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे सोचने, समझने और तर्क करने की क्षमता को विकसित करता है।

इस अवसर पर प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. निधि शर्मा, श्रीमती अंजलि सैनी तथा डॉ. सरिता शर्मा उपस्थित रहीं, जिन्होंने प्रतिभागियों के प्रदर्शन का निष्पक्ष एवं सूक्ष्म मूल्यांकन किया।

कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. हरीश रावत द्वारा किया गया। उन्होंने अपने विशिष्ट अंदाज़ और प्रेरणादायक शब्दों से कार्यक्रम में ऊर्जा का संचार किया।

कार्यक्रम के अंत में वनस्पति विज्ञान विभाग के समस्त प्राध्यापकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया। प्रतियोगिता के विजेताओं को विज्ञान जागरूकता सप्ताह के समापन समारोह (28 फरवरी, 2026) के अवसर पर पुरस्कृत किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *