हरिद्वार, 4 सितम्बर – कांग्रेस नेतृत्व द्वारा शुरू किए गए संगठन सृजन अभियान के तहत हरिद्वार जनपद में जिलाध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गयी है।
संगठन सृजन अभियान के ऑब्जर्वर जी.रुद्रा राजू ने प्रैस क्लब में पत्रकारवार्ता के दौरान जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने संगठन सृजन अभियान की शुरूआत की है।
अभियान के तहत कार्यकर्ताओं की राय से जिलाध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा। जी.रूद्रा राजू ने कहा कि वे 7 दिन तक हरिद्वार में रहकर बूथ और ब्लॉक स्तर पर कार्यकर्ताओं से मिलेंगे।
पार्टी नेता और कार्यकर्ता उनसे पर्सनली भी मिल सकते हैं। सबसे मिलकर बात करने के बाद 6 नामों का पैनल हाईकमान को भेंजेंगे। इसके बाद हाईकमान के स्तर से जिलाध्यक्ष की घोषणा की जाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन को लेकर कांग्रेस सकारात्मक रूप से आगे बढ़ रही है। संगठन सर्वोपरि है। संगठन में सभी को प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। जिसमें एससी, एसटी, ओबीसी व अल्पसंख्यकों को अधिक भागीदारी देने का संकल्प लिया गया है। नए जिलाध्यक्ष संगठन के साथ मिलकर काम करेंगे और पार्टी को मजबूत करेंगे।
ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत अंतिम पंक्ति का कार्यकर्ता को भी जिलाध्यक्ष बनने का अवसर दिया गया है। जमीनी रिपोर्ट के आधार पर जिलाध्यक्ष का चयन किया जाएगा।
कांग्र्रेस में गुटवाजी के संबंध में पूछे गए एक सवाल के जवाब में विधायक रवि बहादुर ने कहा कि कांग्रेस से अधिक गुटबाजी भाजपा में है। कांग्रेस पारदर्शिता के साथ कार्य करती है। सामान्य कार्यकर्ता को भी आगे बढ़ने का अवसर दिया जाता है। इसका उदाहरण वे स्वयं है।
एक साधारण परिवार से होने के बावजूद पार्टी ने उन्हें टिकट दिया और वे आज विधायक के रूप में विधानसभा में पार्टी का प्रतिनिधित्व और जनता के लिए काम कर रहे हैं।
हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत ने कहा कि पूरी पारदर्शिता के साथ संगठन को मजबूत करने का काम किया जा रहा है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी आम कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने का अवसर दे रहे हैं।
इस दौरान प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए अनुपमा रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार के कार्यकाल में महिला अपराधों में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने दावा किया कि हाल ही में आई एक रिपोर्ट के मुताबिक राजधानी देहरादून को महिला सुरक्षा के मामले में सबसे असुरक्षित माना गया है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता जोतसिंह गुनसोला ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत कार्यकर्ताओं और जनता से मिले सुझावों अनुरूप कांग्रेस को मजबूत किया जाएगा।
पत्रकारवार्ता के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजपाल बिष्ट, सुनीता परमार, ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव चौधरी, विमला पांडे, राजबीर सिंह चौहान, तेलूराम प्रधान, राकेश राजपूत, वरिष्ठ कांग्रेस नेता फुरकान अली, राजेंद्र श्रीवास्तव, दाताराम चौहान, जतिन हांडा, बीएस तेजियान सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान सभी ने उत्तरकाशी के धराली और चमोली के थराली में आयी आपदा के मृतकों को श्रद्धांजलि भी दी।

Name : Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob No. : 9319660004
Mail id : thetimesofharidwar@gmail.com
