कलियर: बच्चों से भरी स्कूल बस खेत में गिरी, बड़ा हादसा टला

Spread the love

हरिद्वार: कलियर क्षेत्र में आज सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब स्कूली बच्चों को लेकर जा रही एक निजी स्कूल बस सोहलपुर के पास सड़क से उतरकर खेत में जा गिरी। बस में करीब 35 बच्चे सवार थे। गनीमत रही कि हादसे में किसी भी बच्चे को चोट नहीं आई।

जानकारी के अनुसार स्कूल बस सोहलपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान सड़क पर खड़े खनन से भरे एक ओवरलोड डंपर को बचाने के प्रयास में बस चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे बस सड़क किनारे खेत में गिर गई। बस के खेत में गिरते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में बस को भी खेत से बाहर निकलवाया गया। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश देखने को मिला।

मौके पर पहुंचे भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में खनन से भरे ओवरलोड डंपरों को लेकर विरोध जताया। घटना ने एक बार फिर प्रशासन और खनन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

वहीं ग्रामीणों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए इमलीखेड़ा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और खनन से भरे ओवरलोड वाहनों को कब्जे में लेकर चौकी ले आई। इमलीखेड़ा चौकी प्रभारी शहजाद अली ने बताया कि करीब आधा दर्जन डंपरों को कब्जे में लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *