उत्तराखंड सरकार की उच्च शिक्षा गुणवत्ता उन्नयन प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत राज्य के विभिन्न जनपदों से आए 40 प्राध्यापकों का शैक्षिक एवं सांस्कृतिक अध्ययन भ्रमण दिनांक 16 फरवरी से 21 फरवरी 2026 तक इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय, प्रयागराज में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस प्रेरणादायी कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने प्रयागराज के गौरवशाली स्थलों — त्रिवेणी संगम, इलाहाबाद किला, आनंद भवन, खुसरो बाग, सरस्वती घाट, हनुमान मंदिर (लेटे हनुमान जी) तथा इलाहाबाद संग्रहालय का अवलोकन किया, साथ ही विश्वविद्यालय के कॉमर्स संकाय, अर्थशास्त्र विभाग तथा विज्ञान संकाय – इन स्थलों ने भारतीय इतिहास, आध्यात्मिकता और राष्ट्रनिर्माण की प्रेरणा से सभी को ओत-प्रोत कर दिया।
शैक्षिक यात्रा के क्रम में सभी प्राध्यापकों ने वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन कर आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव किया तथा सारनाथ में भगवान बुद्ध के ज्ञान संदेश से प्रेरणा प्राप्त की।
राजकीय महाविद्यालय मालदेवता रायपुर देहरादून के अर्थ शास्त्र विभाग के वरिष्ठ असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. राम चन्द्र सिंह नेगी ने इस सफल आयोजन हेतु माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, उच्च शिक्षा सचिव डॉ रंजीत सिंह निदेशक डॉ. वी. एन. खाली, उपनिदेशक प्रो. आर. एस. भकुनी, प्रो. एच. एस. नयाल एवं डॉ. गोविंद पाठक सहित इलाहाबाद विश्वविद्यालय प्रयागराज के यूजीसी एम एम टी टी सी केंद्र के निदेशक प्रोफेसर प्रकाश जोशी तथा समस्त सहयोगियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि ऐसे शैक्षिक भ्रमण केवल यात्रा नहीं होते, बल्कि ज्ञान, संस्कृति और राष्ट्रीय चेतना का जीवंत संगम होते हैं, जो शिक्षकों को नई ऊर्जा, व्यापक दृष्टि और नवाचार की प्रेरणा प्रदान करते हैं — और यही प्रेरणा भविष्य की पीढ़ियों के उज्ज्वल निर्माण का आधार बनेगी।

Name: Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob : 9319660004
Mail Id : thetimesofharidwar@gmail.com
